निजता खो चुका हिंदुस्तानी सिने संगीत अब स्मृतियों में नहीं दर्ज होता

राजेंद्र बोड़ा

यह सच तो सभी स्वीकार करेंगे कि देश की आम जनता में 1950 और 1960 के दशक में हिन्दुस्तानी सिनेमा के लिए जो भारी क्रेज़ उभरा उसमें उस दौर के गीत-संगीत का बहुत बड़ा योगदान रहा। फिल्मी गाने - सिनेमा के परदे पर अदाकारों के लबों पर हों या रेडियो पर बजते हों - लोगों पर जादू का सा असर करते थे। हर एक को हर गाना अपना-अपना सा लगता था। जैसे वह उसी का हाल बयान कर रहा हो।

हिंदुस्तानी सिनेमा संगीत की अहमियत को जानना – पहचानना हो तो उसके लिए पिछली सदी के पांचवें और छठे दशक के सिने संगीत के दौर को टटोलना पड़ेगा। लोगों के सिर चढ़ जाने वाला संगीत ऐसी फिल्मों में भी गूंजा जो ज़्यादातर चवन्नी छाप दर्शकों के लिए मानी गयी।
उस दौर के गाने हमारी स्मृतियों को जगाते हैं और एक प्रकार का नोस्टेल्जिया पैदा करते हैं। उनकी स्मृतियों में लौटना बड़ा भला-भला सा, शुभ-शुभ सा लगता है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं है कि वह देस-काल से परे ले जाने वाला संगीत था। उसमें देश के गावों और शहरों का अपनापा बोलता था। उन गानों से फ़लक का एहसास बनता था। सिने संगीत के रसिक लेखक अजातशत्रु सदियों में एक...आशा’ में कहते हैं "उस दौर का संगीत भला-भला सा, शुभ-शुभ सा लगता था। इसीलिए उस जमाने के लोग हिंदुस्तानी सिनेमा पर मरे-मरे जाते थे क्योंकि उनमें जीवंतता थी, भावों की गहन अभिव्यक्ति थी। जब उस दौर के गीतों को हम आज फिर सुनते हैं तो हम अपनी किशोर वय में लौटते हैं और हमें अपने पुराने घर, मोहल्ले, गालियां, बाज़ार, लोगों व वाहनों की रेल-पेल, पुराने दोस्त, दोस्तों से मिलने के अड्डे, किसी से मिलने के बगीकोन के कोने सभी की स्मृतियां उभर आती हैं।

वे कहते हैं आधी सदी पहले के सिने संगीत में असरदार कविता होती थी। प्रभावशाली अल्फ़ाज़ से संगीतकारों की तब आशिक़ी होती थी। नग्मों के बोल उन्हें आवेश भरते थे। फिर उन्हें मालूम था कि वे जो रच रहे हैं उसे कैसे कंठ की जरूरत है। उसी के हिसाब से वे गायक/गायिका चुनते थे। कई बार अपनी धुन की माफिक कंठ न मिलता और उन्हें किसी और से गवाना पड़ा तो उन्होंने गायक/गायिका की क्षमता के अनुरूप अपनी धुन को व्यवस्थित किया। इसीलिए उस दौर का संगीत इतना कर्णप्रिय था, धुनें मन को मोह लेती थीं।    

आज का सिने संगीत अपना माधुर्य खो बैठा। उसके पास इनटोनेशन या कहें आवाज़ में उतार चढ़ाव का लहजा नहीं रहा। अब गाने दिल से नहीं गाये जाते। लगता है एक यंत्र मानव गीत गा रहा हो।   
हिंदुस्तानी सिने संगीत के रसिक और पेशे से चिकित्सक अशरफ अज़ीज़, जिनके पुरखे तीन पीढ़ी पहले पूर्वी अफ्रीका मजदूरी करने गए थे और वहीं बस गए, कहते हैं फिल्मी गीत धुन के लिफाफे में एक पुराना पैगाम है जो हमारे पुरखों ने हम तक पहुंचाया है ताकि हम अपने को बेहतर बना सकें।

उस जमाने में मनोहारी धुन बनाने के लिए संगीतकार बहुत मेहनत करते थे। उन संगीतकारों में कविता या शायरी की समझ होती थी। वे दृश्यों के भावों को अभिव्यक्ति देते थे। ऐसी अभिव्यक्ति कि कई बार गाने वह सब कुछ व्यक्त कर जाते थे जो निर्देशक कैमरे से नहीं दिखा पाता था। जब भी निर्देशक कैमरे से ज़िंदगी के किसी पहलू तक नहीं पहुंच पा रहा होता तो वह गाने का ही सहारा लेता। हिन्दुस्तानी फिल्मों में गानों ने वो भूमिका निबाही जो कैमरे की पकड़ में न आ सकी। ठेठ हिन्दुस्तानी जज़्बात दिखाने में जब-जब कैमरा असफल रहा तो गानों ने उस जगह को भरा। तब के गाने फिल्म की कथा में नगीनों की भांति जुड़े होते थे। फिल्म के किरदारों के जज़्बातों को व्यक्त करते थे। गाने फिल्म की कहानी के भीतर से आते थे। कहानी की सिचुएशन से ही गानों की मेलोड़ी का उठाव होता था। ऐसे गाने हमें तरसाते थे, तड़पाते थे और एक अजीब से नशे में डुबो देते थे। क्योंकि गाने जिन किरदारों से जुड़े होते थे उनकी खुशियाँ और ग़म की महक उनमें होती थी जो हमारे अंतस तक को सुहासित कर जाती थी। तब के फिल्म के किरदारों में अनोखी सरलता होती थी जो भारतीय मन को भाती थी।  
   
यह बात याद रखने की है कि हिंदुस्तानी फिल्म के माधुर्यपूर्ण संगीत का खासा हिस्सा उन फिल्मों में दर्ज है जो चवन्नी छाप दर्शकों की मानी जाती रही है। इन फिल्मों को बी-ग्रेड या सी-ग्रेड बता कर साहित्यिक कुलीन लोगों ने उन्हें हिकारत की निगाह से देखा। ऐसी फिल्मों में आशिकतर भूत-प्रेत, परियों, दैत्यों, उड़ती हुई जादू की दरियों, राज महलों की साज़िशों, तलवारबाज़ी और अरब की रातों (अरेबियन नाइट्स) के किस्से होते थे और ऐसी फिल्में शहर के टीन-टप्पर वाले हल्के दरजे के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होती थीं। ऐसी फिल्मों के ऐसे बेशुमार गाने हैं जो टाकीजों के बाहर न तब सुने गए और न आज उनके रेडियो और टीवी चौनलों पर बजने की कोई संभावना ही है। वे रिकार्डों के ढेर में दबे रह गए और बाज़ार में वे ही गाने चले जो पॉपुलर हो गए या बना दिये गए। माधुर्यपूर्ण ऐसे गानों की खोज में सिनेमा संगीत के रसिक अब भी लगे हुए हैं।

उस दौर के माधुर्यपूर्ण गाने तब की यंत्र तकनीक के कारण लगभग तीन मिनट की समय सीमा में बंधे होकर भी विराट थे। ध्वनि मुद्रण की नई यंत्र तकनीक ने आज के संगीत को भले ही असीमित संभावनाएं दी हों मगर गाने का माधुर्य खो गया है। यही कारण है कि वाद्यों का शोर में शब्दों की अहमियत खो गई। नए जमाने के फिल्म निर्देशक गानों को कथाक्रम में पिरोने का हुनर नहीं सीख पाये। नतीजा यह निकला कि फिल्मी गाने लोगों के दिलों में स्थायी जगह बना पाने में नाकामयाब रहते हैं। इसीलिए आज के गानों की उम्र कुछ हफ्तों की रह गई है। अब कालजयी गाने नहीं बनते। पिछली सदी के उस दौर को हिन्दुस्तानी फिल्म संगीत का स्वर्णिम दौर यूं ही नहीं खा जाता। तब के गाने आज भी रेडियो और टीवी चैनलों पर राज करते हैं और सुनने वालों को मोहते हैं। आज के संगीतकार उस जमाने के गानों के कंधों पर चढ़ कर उनके रीमिक्स बनाकर शिखर छूना चाहते हैं। तब के संगीतकार अपने देश की संगीत परम्पराओं से प्रेरणा लेते थे। जिसे आखरी मुग़ल जैसे विराट संगीतकार की संज्ञा दे सकें वह है नौशाद जिन्होंने एक बार कहा था हमें प्रेरणा के लिए विदेशी संगीत की तरफ क्यों देखना चाहिए। हमारे अपने देश का संगीत इतना भरपूर है कि हम उससे कितना ही लें वह रीता नहीं होगा।

आज की यंत्र तकनीक पर बाज़ार हावी है। बाज़ार को अंतर्राष्ट्रीय ताक़तें नियंत्रित करती हैं जिनके मुख्यालय पश्चिम में हैं। उन्हीं के प्रभाव में हिंदुस्तानी सिने संगीत ने अपनी निजता खो दी है जिसे वापस पाने का कोई जरिया फिलहाल तो नहीं सूझता।  

(यह आलेख कला और संगीत को समर्पित मासिक पत्रिका स्वर सरिता के दिसंबर, 2018 के अंक में प्रकाशित हुआ)  
                              

Comments

Unknown said…
Informative article, Good one about journey to starting of playback singing.

Popular posts from this blog

स्मृति शेष: मांगी बाई ने राजस्थानी मांड गायकी को ऊंची पायदान पर बनाये रखा

पत्रकारिता का दायित्व और अभिव्यक्ति की आज़ादी

राजस्थान में सामंतवाद